June 16, 2026
image (2)

फतुहा-बख्तियारपुर पुरानी स्टेट हाईवे पर हुए सड़क हादसे में फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी बॉय की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. मुआवजे की मांग और घटना के विरोध में सोमवार को लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. बाद में पुलिस और कंपनी अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया. जानकारी के अनुसार रविवार को कुर्था गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने बाइक सवार फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय शंकर पासवान (25 वर्ष), निवासी बैकटपुर को कुचल दिया था. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क पर टायर जलाकर यातायात बाधित कर दिया. सड़क जाम होने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने फ्लिपकार्ट के अधिकारियों और वरीय पदाधिकारियों से बातचीत कर परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना था कि बालू माफियाओं के हाईवा वाहन दिन-रात सड़कों पर बेलगाम दौड़ते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. स्थनीय पुलिस का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है. ग्रामीणों ने ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाईवा को पुलिस ने जब्त कर लिया है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *