राजधानी पटना में गत चार दिन से लगातार बढ़ती गर्मी और दोपहर में झुलसाती धूप को देखते हुए जिला प्रशासन ने लगातार दूसरे दिन स्कूलों के समय में बदलाव किया है। सोमवार को जहां प्राइमरी-आंगनबाड़ी से पांचवी कक्षा में 12.30 के बाद पढ़ाई पर रोक लगाई गई थी। वहीं, मंगलवार को इसमें फिर बदलाव किया गया है। अब सभी सरकारी-निजी स्कूलों में प्राइमरी से पांचवी तक और आंगनबाड़ी में शैक्षणिक गतिविधि 11.30 बजे तक ही चल सकेगी। इसके अलावा, अब आठवीं तक की कक्षाओं का संचालन भी 12.30 बजे तक ही हो सकेगा।
गर्मी के कारण सभी सरकारी-निजी स्कूलों के समय में किया गया यह अस्थायी बदलाव 22 से 25 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा।
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया गया है। सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश के आलोक में समय में बदलाव कर बच्चों की पढ़ाई सुबह के घंटों में सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर के समय तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है। ऐसे में यह निर्णय छोटे बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि बच्चों को गर्मी से किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को सख्ती से निर्देशों का पालन करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई की जा सकती है।
