कोचिंग संस्थान में गोलीबारी के मामले में कोचिंग संचालक रोशन आनंद को बिना समुचित जांच जेल भेजे जाने के आरोप पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पटना पुलिस पर सख्ती दिखाई है। आयोग ने पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा को चेतावनी देते हुए जवाब तलब किया है।
NHRC ने 30 जून तक मांगी गई रिपोर्ट नहीं मिलने पर अब 3 सितंबर तक जवाब देने को कहा है। खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में मारपीट और गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने रोशन आनंद को मामले का सूत्रधार बताते हुए गिरफ्तार किया था। बताया गया है कि रोशन आनंद किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं।
ह्यूमन राइट्स अम्ब्रेला फाउंडेशन के चेयरमैन विशाल रंजन दफ्तुआर ने इस मामले को लेकर 10 जून को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि फैजल खान के प्रभाव में पटना पुलिस ने रोशन आनंद को आपराधिक मामले में गलत तरीके से फंसाकर जेल भेज दिया। शिकायत में पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का भी आरोप लगाया गया है। अब इस मामले में NHRC के सख्त रुख के बाद पुलिस से जवाब मांगा गया है।
