एक्सएलआरआई जमशेदपुर में 21 से 23 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय 27वें वार्षिक महोत्सव ‘एन्सेंबल वल्हल्ला-2026’ का समापन धूमधाम से हुआ। ‘सिम्फनी ऑफ स्टार्स’ थीम पर आयोजित महोत्सव में नौ संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, संगीत, फैशन और खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
महोत्सव में स्ट्रीट प्ले रंगमंच और ग्रुप डांस ‘मचाएंगे’ में बीआईटी सिंदरी, जबकि एकल नृत्य प्रतियोगिता ‘नट्यांजलि’ में आईआईएम संबलपुर विजेता रहा। बैंड प्रतियोगिता ‘तरंग’ में एक्सएलआरआई ने पहला स्थान हासिल किया। एकल गायन में एक्सआईएसएस की रिमिता दत्ता विजेता और त्रिशना उपविजेता रहीं।
कार्यक्रम में गायिका असीस कौर, डीजे रवेटर और संगीतकार जोड़ी सलीम-सुलेमान की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
खेल प्रतियोगिताओं की 25 श्रेणियों में एक्सएलआरआई ने 65 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप जीती। आईआईएम रांची 38 अंकों के साथ दूसरे तथा एक्सआईएमबी, आईआईएम संबलपुर और आईआईएम शिलांग 30-30 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। महोत्सव में विद्यार्थियों ने प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
