April 17, 2026
BIHAR

मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री  बन्ना गुप्ता ने आज जनता से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर मानगो बाजार क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न बुनियादी समस्याओं को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने नाली जाम की समस्या से हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया। कई स्थानों पर नालियां पूरी तरह अवरुद्ध पाई गईं, जिससे जल जमाव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है।  इस पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, इसके अलावा बाजार क्षेत्र में जगह-जगह जर्जर एवं लटकते हुए बिजली के तार भी पाए गए, जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। मेयर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल इन तारों को ठीक कराने एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।

मानगो बाजार को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों की स्थिति भी खराब पाई गई। मेयर ने संबंधित विभाग को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता और व्यापारियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, मुख्य मार्ग की नालियों के निर्माण की आवश्यकता को भी चिन्हित किया गया। मेयर ने कहा कि मेन रोड की नालियों का समुचित निर्माण होने से जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा, उन्होंने नगर निगम के अधिकारीयों को जुस्को एवं बाजार समिति से समन्वय स्थापित कर जल्द इस समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। मेयर  सुधा गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि “जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।”

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से स्थानीय लोगों ने जर्जर तार बदलने, नियमित सफाई कराने और टूटे सड़क एवं नालियों का निर्माण करनी की मांग की जिसपर बन्ना गुप्ता ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके सभी समस्याओं का समाधान होगा इसके लिए मानगो मेयर तत्तपरता से लगी हुई हैं। निरीक्षण के दौरान नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। मेयर सुधा गुप्ता ने ने सभी को समन्वय के साथ कार्य करने और मानगो क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बाजार बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *