May 19, 2026
WhatsApp Image 2026-05-19 at 9.53.41 AM

मानसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-31 पर सोमवार दोपहर को ठाठा में एक लाइन होटल के समीप एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर ऑटोरिक्शा, उसके बाद पिकअप वैन और सफारी वाहन में टक्कर मार दी।
इस घटना में ऑटोरिक्शा पर सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद खाली ट्रक को छोड़कर चालक भाग निकला। मृतकों में दो महिलाएं, दो बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं। इनमें से देर शाम तक दो की पहचान हो पाई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटोरिक्शा खगड़िया से सवारी लेकर गोगरी को जा रही थी। उक्त स्थल पर एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटोरिक्शा के परखच्चे उड़ गए। कई लोग सड़क पर गिर गए। घटनास्थल पर ही दो महिला और एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद भागने के क्रम में ट्रक ने एक सफारी वाहन और एक पिकअप में भी टक्कर मारी। दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। इससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। इन्होंने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान एक बच्चा और दो पुरुषों की मौत हो गई। मृतकों में परबत्ता के झंझरा की स्वाती कुमारी (9) और चैधा बन्नी के रामू पासवान की पहचान हो पाई है। यातायात थाना की दारोगा नीतू पटेल ने बताया कि तीन घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। इनमें मुंगेर के हरिणमार दियारा की अनिता देवी सहित दो अन्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *