जिला में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।
सदर थाना क्षेत्र (कच्ची पक्की) के सुस्ता माधोपुर चौक पर घात लगाए हथियारबंद बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान माधोपुर निवासी 50 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके के व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दीपक कुमार सुस्ता माधोपुर चौक के समीप अपनी आभूषण की दुकान का संचालन करते थे।
वह चौक पर मौजूद थे, तभी बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई दो गोलियां दीपक कुमार के शरीर में जा धंसी, जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज से चौक पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। स्थानीय लोग और परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए सुस्ता माधोपुर चौक और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट का विरोध करने या किसी पुरानी रंजिश का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। स्वर्ण व्यवसायी की दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय स्वर्णकारों और दुकानदारों में गहरा रोष है। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बेअसर साबित हो रही है, जिससे अपराधी लगातार उनके वर्ग को निशाना बना रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की जाए और चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है।
