June 5, 2026
image (1)

बिहार के शिवहर जिले में राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
मुंबई में एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट (आयात-निर्यात) के कारोबार की आड़ में बड़े पैमाने पर तस्करी किए जाने के संदेह में डीआरआई की टीम ने गुरुवार को स्थानीय कारोबारी मुकेश कुमार झा उर्फ मुकेश भोला झा के पैतृक आवास पर छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र के कटैया गांव स्थित उनके घर पर की गई। इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी को डीआरआई मुंबई और मुजफ्फरपुर की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। अधिकारियों ने कारोबारी के घर पर डेरा डालकर घंटों तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने व्यवसाय और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कागजातों व फाइलों को बारीक से खंगाला।
छापेमारी के दौरान डीआरआई की टीम ने कारोबारी मुकेश कुमार झा के भाई अरविंद कुमार झा से काफी लंबी पूछताछ की। बता दें कि अरविंद कुमार झा ‘मिथिला क्वालिटी प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी के निदेशकों में से एक हैं। लंबी पूछताछ के बाद, टीम अरविंद को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। टीम में शामिल डीआरआई अधिकारी माधव कुमार ने बताया कि यह मामला सीधे तौर पर तस्करी से जुड़ा हुआ है। चूंकि मुकेश कुमार झा का मुंबई में बहुत बड़ा एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट का कारोबार है, इसलिए इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अरविंद कुमार झा को उनकी सहमति से आगे की पूछताछ के लिए साथ ले जाया जा रहा है। इस मामले में पुरनहिया थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस को कस्टम (डीआरआई) की इस छापेमारी की सूचना थी। तस्करी के पुख्ता संदेह के आधार पर मुजफ्फरपुर और मुंबई की टीमों ने यह साझा कार्रवाई की है।
हालांकि, थानाध्यक्ष ने यह भी साफ किया कि कटैया गांव स्थित उनके पैतृक निवास स्थान से छानबीन के दौरान कोई भी आपत्तिजनक सामग्री या अवैध सामान बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल उनके भाई को पूछताछ के लिए ले जाया गया है। व्यवसायी मुकेश कुमार झा उर्फ मुकेश भोला झा इलाके की एक जानी-मानी शख्सियत हैं। उन्होंने काफी कड़े संघर्ष के बाद बिजनेस की दुनिया में यह मुकाम हासिल किया और खुद को मुंबई में स्थापित किया। व्यापार के अलावा वे सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहे हैं।
उन्होंने शिवहर के कई ज्वलंत स्थानीय मुद्दों को लेकर आंदोलन भी किए थे। इसके अलावा, मुकेश झा ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में शिवहर संसदीय सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था। बहरहाल, इस बड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके और स्थानीय व्यापारिक जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *