बिहार के समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। यहां सरेआम दो लोगों को खदेड़ कर अपराधिोयं ने गोली से भून डाला है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में जहां दहशत है तो वहीं वहां तनाव की भी स्थिति है। कहा जा रहा है कि अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में इस डबल मर्डर को अंजाम दिया। दोनों को पहले फोन कर घर से बुलाया गया और फिर गोलियों से छलनी कर दिया गया। समस्तीपुर में चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव में मंगलवार की देर रात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो अधेड़ की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान नीमा चकहैदर गांव के निवासी प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में की गई है। बदमाशों ने दोनों को फोन कर एक दुकान के पास बुलाया और फिर घेरकर गोलियां बरसाई। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। तनाव को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस यहां कड़ी निगरानी कर रही है। लोगों के अनुसार, प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार को किसी ने फोन कर नामापुर दरियापार गांव की एक दुकान के पास बुलाया था। प्रभात और सन्नी दोनों जैसे ही वहां पहुंचे तो पास ही स्थित झाड़ी में छिपे कुछ बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दोनों झाड़ियों की ओर भागे, लेकिन बदमाशों ने खदेड़कर प्रभात को गोलियों से छलनी कर दिया। प्रभात की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से जख्मी सन्नी ने डीएमसीएच ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके के लोग भी दंग हैं।
जाहिर है अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस को भी खुली चुनौती दे दी है। इधर इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गई। वारदात की जानमकारी मिलते ही सदर डीएसपी संजय कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की तहकीकात की। चकमेहसी थानाध्यक्ष जितेंद्र सहनी ने बताया कि फिलहाल हत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस बदमाशों के भागने की दिशा में लगातार छापेमारी कर रही है। बताया गया है कि करीब दो साल पूर्व भी कोर्ट कैंपस में प्रभात चौधरी पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। लेकिन इस बार अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे। प्रभात और सन्नी को पूरी तरह से घेर कर उनपर गोलियां दागी गईं।
