कांफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज की आरे से जमशेदपुर में इंडस्ट्रियल डीकार्बोनाइजेशन पर वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सेक्टरों के व्यवसायों के लिए क्लाइमेट एक्शन और कार्बन मैनेजमेंट के बढ़ते महत्व पर जोर दिया गया. इस मौके पर सीआईआई झारखंड सस्टेनेबिलिटी पैनल के संयोजक व टाटा स्टील लिमिटेड के चीफ कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी सौरभ कुंडू ने इस बात पर जोर दिया कि इंडस्ट्रियल डीकार्बोनाइजेशन अब सिर्फ़ एक लंबे समय का लक्ष्य नहीं रह गया है, बल्कि यह अब व्यवसाय की एक तत्काल जरूरत बन गया है. उन्होंने कहा कि सस्टेनेबिलिटी अब निवेश के फ़ैसलों, पार्टनरशिप व बाजार तक पहुंच बनाने में एक निर्णायक भूमिका निभा रही है. उन्होंने भारत के 2070 के नेट-ज़ीरो लक्ष्य के बारे में सभी इंडस्ट्रीज़ और वैल्यू चेन में मिलकर प्रयास करने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने झारखंड के औद्योगिक परिदृश्य के बारे में कहा कि जिस राज्य में कोयला व ज्यादा ऊर्जा की खपत वाली इंडस्ट्रीज की अहम भूमिका है, वहां कम कार्बन वाले रास्तों की ओर बदलाव संतुलित और समावेशी होना चाहिए, जिससे आर्थिक और सामाजिक पहलुओं का भी ध्यान रखा जा सके. उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि सस्टेनेबिलिटी अब तेज़ी से मुख्य व्यावसायिक रणनीति का एक अभिन्न अंग बनती जा रही है, जो इनोवेशन, कार्यकुशलता और ग्लोबल प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती है. सीआईआई ग्रीन बिजनेस सेंटर की सीनियर काउंसलर शशि कला अग्रवाल ने स्कोप एक, स्कोप दो व स्कोप, उत्सर्जन से जुड़े जीएचजी अकाउंटिंग के मुख्य पहलुओं पर चर्चा की. उन्होंने कार्बन बॉर्डर एडजस्टमेंट मैकेनिज्म व भारत की कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग स्कीम जैसे उभरते रेगुलेटरी ढांचों के बारे में भी जानकारी दी।
सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के पूर्व चेयरमैन व एमडेट जमशेदपुर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रंजोत सिंह ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए इस बात पर जोर दिया कि सस्टेनेबिलिटी की शुरुआत घर से होती है व इसे लंबे समय तक टिकने वाली मजबूती व जिम्मेदार विकास को बढ़ावा देने के लिए संगठनात्मक कार्यों में शामिल किया जाना चाहिए. उन्होंने कंपनियों से व्यावहारिक और मापने योग्य सस्टेनेबिलिटी पहल अपनाने का आग्रह किया, साथ ही प्रतिभागियों को उनकी सक्रिय भागीदारी और प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित और सराहा, और उन्हें अपने संगठनों के भीतर सस्टेनेबल कार्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
