कॉलोनी में देह व्यापार के धंधे का विरोध करने पर कारोबारी को पहले धमकी दी और फिर पटना जंक्शन परिसर से अपहरण कर लिया। 30 वर्षीय कारोबारी बंटी को छह से सात आरोपित स्टेशन परिसर से घसीटते, मारते-पीटते स्कार्पियो से लेकर फरार हो गए। बंटी जक्कनपुरा थाना क्षेत्र के न्यू करबिगहिया कब्रिस्तान के पास के रहने वाले हैं। उनका किराना दुकान, बैंड-बाजा का कारोबार है। इसके साथ ही स्टेशन पर उनकी कई फास्टफूड की दुकानें हैं।
स्वजन ने बताया कि बंटी की मां हाईकोर्ट में काम करती हैं। घटना की जानकारी तब हुई जब देर रात वह नहीं आया और मोबाइल भी बंद बताने लगा। स्वजन ने खोजबीन शुरू कि तो स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कुछ लोग मारते-पीटते स्कार्पियो में बिठा बंटी को उठा ले गए। स्वजन ने सीसीटीवी देखा तो उसमें एक रोहित नाम के लड़के की पहचान हुई, जिसके बाद मोहल्ले के लोग रोहित के घर पर पहुंचे तो वह छत से छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया।
लोगों ने खदेड़ कर उसे पकड़ लिया और पिटाई कर दी। बाद में उसे कोतवाली थाना लाया गया। पुलिस ने पूछताछ कर आरोपित की निशानदेही पर छापेमारी कर रही है।
हालांकि, देर रात खबर लिखे जाने तक बंटी की बरामदगी नहीं हो सकी थी। स्वजन के बयान पर थाने में कच्ची दरगाह के रहने वाले आटो चालक रोहित और पटना जंक्शन के पास रहने वाले रवीश कुमार सहित अन्य अज्ञात पर केस किया गया है। मामले में एक एसआइटी गठित कर दी गई है। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित रोहित ने बताया कि उसे स्कार्पियो से ले जाया गया है। कहां ले जाया गया, यह जानकारी नहीं है। देर रात तक पुलिस की छापेमारी जारी थी।
