October 9, 2026
image (3)

बिहार के योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के ठिकानों से काली कमाई का पूरा भंडार मिला है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार को मुंगेर में तैनात एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। नारद दास के ठिकानों से 52.20 लाख रुपये नकद और 30 लाख रुपये मूल्य के गहने मिले हैं। पटना, मुंगेर, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में की गई छापेमारी में जमीन और फ्लैट के दस्तावेज, वाहन आदि भी बरामद किए गए हैं। इंजीनियर ने अपने घर पर नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं। साथ ही सास को भी डेढ़ करोड़ का मकान दिलवाया। योजना एवं विकास विभाग में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मुंगेर में तैनात नारद दास के खिलाफ ईओयू ने आय के ज्ञात स्रोत से ज्यादा संपत्ति अर्जित करने के मामले में यह कार्रवाई की। मुजफ्फरपुर में ससुराल से नोटों की गड्डियां मिलीं
ईओयू के मुताबिक, इंजीनियर के मुजफ्फरपुर जिले में काजी मोहम्मदपुर स्थित ससुराल के फ्लैट (राधिका अपार्टमेंट) से कुल 50.50 लाख रुपये कैश बरामद हुए। नोटों की गड्डियां देख ईओयू अधिकारी भी हैरान रह गए। ईओयू को नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ी। मुंगेर से भी कैश-गहने मिले
इसके अलावा मुंगेर के कासिम बाजार स्थित बंगाली टोला मुहल्ला स्थित किराये के आवास की तलाशी में भी 1.70 लाख रुपये नकद बरामद हुआ। यहां से 30 लाख रुपये मूल्य के गहने, एक हुंडई आई 10 स्पोर्टस कार और मोटरसाइकिल एवं ज्वेलरी खरीद से संबंधित कई रसीद भी मिली हैं। पटना मे सास को दिलाया डेढ़ करोड़ का मकान
जांच में पटना के रूपसपुर स्थित कुसुमपुरम मुहल्ले में करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य के मकान का पता चला है, जो नारद दास की सास बीना विद्यार्थी के नाम पर है। यह मकान इसी साल (2026) में ही खरीदा गया है। करीब 3.9 डिसमिल जमीन 50 लाख रुपये में खरीदी गई, जिसका सरकारी मूल्य 68.41 लाख रुपये है। दास की पत्नी के खाते से राशि के लेन-देन का प्रमाण मिला है। इंजीनियर के ससुर एक रिटायर्ड शिक्षक हैं।
नारद दास चार बैंक खातों में जमा 17.15 लाख रुपये फ्रीज
छापेमारी में कार्यपालक अभियंता के विभिन्न बैंकों के कुल चार बैंक खातों में 17,15,688 रुपये की राशि मिली है, जिसे फ्रीज करा दिया गया है। आदित्य बिरला एवं जीवन बीमा में निवेश से संबंधित कई कागजात मिले हैं। भागलपुर स्थित पैतृक आवास से भूखंड खरीदने से संबंधित कई दस्तावेज और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी खरीद से संबंधित रसीद भी बरामद हुई है।
इंजीनियर पर डीए केस दर्ज
नारद दास पर कुल 83.53 लाख रुपये आय से अधिक संपति अर्जित करने का आरोप है। यह उनके ज्ञात वैध आय से लगभग 65 फीसदी अधिक है। 12 साल से सरकारी सेवा में
नारद दास मूलरूप से भागलपुर के तिलकामांझी अंतर्गत हनुमान पथ के रहने वाले हैं। उन्होंने साल 2014 में जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता के रूप में योगदान दिया था। आरोप है कि उन्होंने सरकारी सेवा में रहते बीते 12 सालों में अकूत संपत्ति अर्जित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *