April 16, 2026
image (3)

सुपौल जिले के छातापुर बस स्टैंड पर बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया. बस स्टैंड पर खड़ी देव ट्रेवल्स की एक यात्री बस में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई. देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
बस में आग लगते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए. लोगों ने तुरंत थाना को फोन कर दमकल बुलाया, लेकिन दमकल समय पर नहीं पहुंची. इसके बाद स्थानीय लोग खुद ही पानी और बालू की मदद से आग बुझाने में जुट गए. करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. मौके पर दमकल के देर से पहुंचने से लोगों में भारी नाराजगी फैल गई. जब भीमपुर थाना से दमकल कर्मी देर से पहुंचे, तो गुस्साई भीड़ ने उन्हें खदेड़ दिया. जान बचाने के लिए दमकल कर्मी वहां से वापस थाना की ओर भाग निकले.

इसके बाद आक्रोशित लोग सैकड़ों की संख्या में थाना के सामने पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. गुस्से में लोगों ने थाना के पास खड़े पुलिस वाहन में तोड़फोड़ कर दी. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और यातायात पुलिस बोर्ड को भी नुकसान पहुंचाया गया. बस कर्मी मनोज भगत ने बताया कि बीआर 31 पी 8321 नंबर की यह बस बस स्टैंड पर खड़ी थी और रात आठ बजे पटना जाने वाली थी. उस समय बस के अंदर कोई यात्री या कर्मचारी मौजूद नहीं था. शुरुआती अंदाजा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी.
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार, बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे. जदिया, त्रिवेणीगंज, राजेश्वरी, बलुआ और भीमपुर समेत कई थानों की पुलिस भी वहां पहुंची. अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए. एसपी शरथ आरएस ने कहा कि बस में आग लगने के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस वाहन पर हमला किया गया. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *