बिहार में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में मौसम सुहावना बना हुआ है। सोमवार की सुबह पटना के कई इलाकों में आसमान में घने बादल नजर आए। वहीं, कई अन्य जिलों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और किशनगंज को अलर्ट वाले जिलों में शामिल किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ बारिश और बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार में मौसम के सामान्य होने की संभावना 15 अगस्त के बाद ही है। 11 अगस्त को दक्षिण और मध्य बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की आशंका जताई गई है। 12 अगस्त को भी राज्य के करीब आधे जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान उत्तर बिहार, सीमांचल और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में बारिश और खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
13 अगस्त को भी कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दिन पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, गोपालगंज, सीवान और सारण को छोड़कर बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 14 अगस्त को उत्तर बिहार, सीमांचल और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
15 अगस्त को पूरे बिहार के लिए चेतावनी जारी की गई है। इस दिन राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। कुछ जिलों में तेज बारिश हुई तो कई इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। मुंगेर और गोपालगंज समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। हालांकि, पटना और आसपास के क्षेत्रों में धूप निकलने के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। राज्य में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अब तक सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके बावजूद राज्य के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इसके पीछे नेपाल में लगातार हो रही बारिश को बड़ी वजह माना जा रहा है। नेपाल में भारी बारिश के कारण बिहार की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कई नदियां उफान पर हैं, जिसके कारण नदी के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। आने वाले दिनों में बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
