राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है. तार चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी जमील अख्तर उर्फ समीर पुलिस हिरासत से हथकड़ी समेत फरार हो गया. आरोपी को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद पुलिस उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही थी. जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस टीम आरोपी को भी अपने साथ लेकर गई थी. इसी बीच सोमवार की शाम करीब पांच बजे आरोपी पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही छापेमारी टीम ने अपने वरीय अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
आरोपी के फरार होने के कुछ ही देर बाद सिटी एसपी मध्य ममता कल्याण गर्दनीबाग थाना के औचक निरीक्षण पर पहुंचीं. वह थाना के रिकॉर्ड और कार्यप्रणाली की समीक्षा कर रही थीं. इसी दौरान उन्हें पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने की जानकारी दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल विशेष टीम का गठन किया. घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. हालांकि सोमवार की देर रात तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
