May 23, 2026
image (5)

विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बन रहा पहला बेली ब्रिज शनिवार को पूरा हो जाएगा।
इसके साथ ही रविवार से नवगछिया की ओर पी-4 पिलर के समीप दूसरे बेली ब्रिज के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक स्टील संरचनाएं और अन्य सामग्री कार्यस्थल पर पहुंच चुकी हैं।
शुक्रवार देर रात तक मजदूरों और तकनीकी टीमों ने रैंप निर्माण, प्लेट संयोजन और फिटिंग का कार्य जारी रखा। शनिवार को अंतिम तकनीकी परीक्षण और फिटिंग पूरी की जाएगी। निर्माण एजेंसियों का दावा है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर दोनों बेली ब्रिज तैयार करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। पहले बेली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचने से विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बहाली को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। विक्रमशिला सेतु पर दो और बेली ब्रिज बनने के बाद यातायात शुरू की जाएगी। हालांकि, यातायात शुरू करने पर अंतिम निर्णय तकनीकी परीक्षण और सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बाद ही लिया जाएगा। पटना IIT की टीम कर रही जांच
इधर, सेतु की समग्र सुरक्षा को लेकर आईआईटी पटना की विशेषज्ञ टीम लगातार जांच कर रही है। टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से पुल की भार क्षमता, कंपन, दरारों और संरचनात्मक मजबूती का परीक्षण कर रही है।
विशेष रूप से नवगछिया की ओर के हिस्से का सघन निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी संभावित जोखिम का समय रहते आकलन किया जा सके।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आईआईटी की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर सेतु की स्थायी मरम्मत और भविष्य की यातायात व्यवस्था पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल प्राथमिकता क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुरक्षित कर जल्द से जल्द आवागमन बहाल करने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *