उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने सिवान के एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। श्राद्ध कर्म में शामिल होकर फरीदाबाद लौट रहे सिसवन के एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही सिवान के ग्यासपुर गांव में मातम पसर गया। गांव में हर तरफ चीख-पुकार और रोते-बिलखते परिजनों का दर्दनाक मंजर देखने को मिला। मृतकों में ग्यासपुर गांव निवासी प्रेमलाल श्रीवास्तव के पुत्र मनीष कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी कंचन देवी, बेटियां अदिति और आस्था शामिल हैं।
वहीं कार चला रहे मनीष के मित्र और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के संठी गांव निवासी चालक की भी हादसे में मौत हो गई। बताया जाता है कि मनीष अपने नाना के श्राद्ध कर्म में शामिल होने परिवार के साथ गांव आए थे। मंगलवार को श्राद्ध कार्यक्रम पूरा होने के बाद शनिवार को सभी लोग फरीदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 238 पर उनकी स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। कंटेनर से टक्कर इतनी जोरदार हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक मनीष के भाई जीवन लाल श्रीवास्तव अन्य स्वजनों के साथ शव लेने के लिए रवाना हो गए।
इधर ग्यासपुर गांव में बड़ी संख्या में लोग प्रेमलाल श्रीवास्तव के घर पहुंचने लगे। पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव वालों के मुताबिक मनीष का परिवार बेहद मिलनसार था और श्राद्ध कार्यक्रम में पूरे उत्साह से शामिल हुआ था।
किसी को अंदाजा नहीं था कि घर वापसी का सफर पूरे परिवार के लिए आखिरी सफर बन जाएगा। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
