July 14, 2026
image (1)

पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के चर्चित नवीन पासवान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य नामजद आरोपी तन्नू कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने फतुहा आरओबी पुल के नीचे से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तन्नू कुमार सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नालंदा जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र के रटना गांव का रहने वाला है और फिलहाल फतुहा की कोऑपरेटिव कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था। गिरफ्तारी के समय वह मोटरसाइकिल से जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त यामाहा FZS मोटरसाइकिल (BR01JY0133) भी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसकी निशानदेही पर अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि फतुहा थाना क्षेत्र के फैक्ट्री मोड़ के पास ट्रेंड्स शोरूम के सामने स्थित मस्जिद के एक खाली प्लॉट में बुधवार की मध्यरात्रि नया टोला दरियापुर निवासी श्रवण पासवान के पुत्र नवीन कुमार उर्फ नवीन पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नवीन को उसका ही एक दोस्त घर से बुलाकर लाया था, जहां दोस्तों के बीच शराब पार्टी चल रही थी। शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने बेहद करीब से नवीन के गले में गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि हमलावर फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *