July 11, 2026
EDUCATION (2)

वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान के प्रति स्कूली छात्रों में रुचि विकसित करने के उद्देश्य से सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर द्वारा शुक्रवार को सीएसआईआर-जिज्ञासा वर्चुअल लेबोरेटरी परियोजना के तहत बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल के 75 छात्रों एवं चार शिक्षकों के लिए प्रयोगशाला भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने प्रयोगशाला की 75 वर्षों की वैज्ञानिक उपलब्धियों और देश के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास में संस्थान के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद आईएमडीसी विभाग के प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के. गोपाला कृष्णा ने सीएसआईआर-एनएमएल की अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों तथा धातुकर्म क्षेत्र में इसकी भूमिका की जानकारी दी। वहीं वैज्ञानिक डॉ. श्रीदा पी. ने जिज्ञासा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि इसका मकसद स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करना और वैज्ञानिकों तथा युवा प्रतिभाओं के बीच संवाद को मजबूत बनाना है। भ्रमण के दौरान छात्रों ने एप्लाइड एंड एनालिटिकल केमिस्ट्री डिवीजन, क्रीप टेस्टिंग सुविधा, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग प्रयोगशाला, ब्रास मेल्टिंग यूनिट सहित विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्हें डीआईवाई (DIY) किटों का प्रदर्शन भी दिखाया गया, जिससे विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और समूह छायाचित्र के साथ हुआ। छात्रों एवं शिक्षकों ने प्रयोगशाला भ्रमण और वैज्ञानिक गतिविधियों के प्रत्यक्ष अनुभव को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए सीएसआईआर-एनएमएल के इस प्रयास की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *