July 10, 2026
image (3)

पटना जिले के नदी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलमहियाचक गांव निवासी रमेश कुमार (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से 425 डिबिया हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है, जिसका कुल वजन 162 ग्राम है. बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है.
फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि 8 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के घर पर छापेमारी की गई थी. इस दौरान 337 डिबिया हेरोइन (131 ग्राम) बरामद हुई थी. इसके बाद आरोपी फरार हो गया था.

पुलिस ने 9 जुलाई 2026 को नदी थाना क्षेत्र के टेढ़ी पुल के पास छापेमारी कर रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 86 डिबिया हेरोइन (31 ग्राम) भी बरामद की गई. इस मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने आरोपी के पास से हेरोइन के अलावा 1500 खाली प्लास्टिक डिबिया, पांच कीपैड मोबाइल फोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार प्लास्टिक कुप्पी, एक कैंची, एक प्लास्टिक साबुनदानी और पांच लाइटर भी जब्त किए हैं. पुलिस का मानना है कि इन सामानों का इस्तेमाल मादक पदार्थ की पैकिंग और तस्करी में किया जाता था. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रमेश कुमार के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *