गया जिले के छात्र शुभम कुमार ने JEE Main 2026 सेशन-1 और सेशन-2 दोनों में 100 परसेंटाइल हासिल कर लगातार दूसरी बार शानदार उपलब्धि दर्ज की है। उनकी इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बिहार के गया जिले के होनहार छात्र शुभम कुमार ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए JEE Main 2026 के सेशन-2 में 100 परसेंटाइल हासिल किया है। लगातार दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने न सिर्फ जिले, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन कर दिया है। लगातार दूसरी बार 100 परसेंटाइल
गया जिले के वार्ड संख्या 38 स्थित नादरागंज ब्राह्मणी घाट के निवासी छात्र शुभम कुमार ने JEE Main परीक्षा में एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 2026 के सेशन-2 में 100 परसेंटाइल प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खास बात यह है कि इससे पहले भी वह सेशन-1 में 100 परसेंटाइल हासिल कर चुके हैं। लगातार दो बार इस मुकाम को प्राप्त करना एक बेहद दुर्लभ उपलब्धि मानी जाती है, जिससे शुभम ने पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। शुभम की इस शानदार सफलता से उनके घर और आसपास के इलाके में जश्न का माहौल है। जैसे ही रिजल्ट की खबर आई, परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंचने लगे। घर में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और हर कोई इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है। शुभम के दादा शिवम कुमार, जो पेशे से व्यवसायी हैं, उन्होंने अपने पोते की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि शुभम बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहा है और हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट रहा है। वहीं, उनकी माता कंचन देवी और पिता रामचंद्र लाल की खुशी का ठिकाना नहीं है। परिवार के सभी सदस्य इस सफलता को बड़े गर्व के रूप में देख रहे हैं।
