May 19, 2026
image (6)

पटना के पंडारक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ये सभी चार बदमाश किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे. उससे पहले ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पटना पुलिस का ऐक्शन लगातार जारी है. आज (सोमवार) सुबह पटना के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में एक तरफ एनकाउंटर हुआ तो दूसरी ओर बीते रविवार (17 मई, 2026) को पंडारक थाना क्षेत्र से सुमित कुमार सिंह उर्फ जेलर सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है. इसके बारे में पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने आज (सोमवार) प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बीते रविवार की शाम पंडारक थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सरहन डैंप के पास हथियार के साथ चार-पांच की संख्या में अपराधी इकट्ठा होकर अपराध की योजना बना रहे हैं. इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई.

त्वरित ऐक्शन लेते हुए बाढ़ डीएसपी के निर्देश पर पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय ने टीम के साथ छापेमारी की. मौके से पंडारक थाना क्षेत्र के छपेड़ातर का सुमित कुमार उर्फ जेलर, इसी गांव के रहने वाले तीरथ कुमार, बाढ़ थाना क्षेत्र के गुलाबबाग के रहने वाले संदीप कुमार उर्फ हनी और पंडारक के रंजन कुमार उर्फ कारू को गिरफ्तार किया गया है. देसी पिस्टल सहित 10 जिंदा कारतूस बरामद
बताया गया कि इन चारों बदमाशों के पास से चार देसी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, तीन बाइक और तीन मोबाइल को जब्त किया गया है. ग्रामीण एसपी ने बताया कि ये सभी कुख्यात अपराधी हैं. लूट, हत्या और डकैती के मामले में कई बार ये लोग जेल जा चुके हैं. इन लोगों से पूछताछ की जा रही है कि ये कौन सी योजना बना रहे थे. इनके मोबाइल को भी खंगाला जा रहा है. तीन बाइक के बारे में पता किया जा रहा है किसके नाम पर है.

दूसरी ओर ग्रामीण एसपी ने यह भी बताया कि आज सुबह दनियावां थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई और हत्या के आरोपी बाप-बेटे (50 वर्षीय देवनंदन पासवान और 22 वर्षीय करण पासवान) को गिरफ्तार किया गया है. यह दोनों बाप-बेटे दनियावां के टॉप-10 बदमाशों में शामिल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *