नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को रेडियो सिटी की ओर से आयोजित ‘टैलेंट हंट-2026’ में विद्यार्थियों की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और बहुआयामी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्टेज प्ले, रैंप वॉक, स्लो ऑटोमोबाइल रेस, रोड सेफ्टी क्विज, फिटनेस चैलेंज, स्टैंड-अप कॉमेडी, रील एवं शॉर्ट वीडियो मेकिंग सहित आठ से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने कला, संस्कृति, मनोरंजन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
स्टेज प्ले प्रतियोगिता में सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जबकि रैंप वॉक में प्रतिभागियों ने अपने व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। रोड सेफ्टी क्विज के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। स्लो ऑटोमोबाइल रेस, फिटनेस चैलेंज और स्टैंड-अप कॉमेडी प्रतियोगिताओं ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं रील एवं शॉर्ट वीडियो प्रतियोगिता में छात्रों ने डिजिटल माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीन प्रशासन डॉ. राकेश कुमार, डीन अकादमिक अभिनव कुमार, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और प्रतिभा का समग्र विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के नियमित आयोजन की बात कही।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। पूरे दिन विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। आयोजकों के अनुसार रेडियो सिटी और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह टैलेंट हंट विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सफल पहल साबित हुआ।
