केरल समाजम, जमशेदपुर की ओर से रविवार, 30 अगस्त को स्कूल परिसर में ओणम उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सुबह 10.30 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में केरल की पारंपरिक संस्कृति और लोक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी। उत्सव के दौरान करीब 1,250 लोगों के लिए पारंपरिक की भी व्यवस्था की गई है।
बुधवार को स्कूल परिसर में महाराजा महाबली की रंगोली बनाकर उत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर समाजम के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राजा महाबली का स्वागत होगा। राजा के वेश में समाज का एक सदस्य लोगों के बीच घूमकर उन्हें आशीर्वाद देगा। उत्सव में फूलों की रंगोली, तिरुवातिरा नृत्य, कोल्कली, नौका दौड़ की झांकी, गीत-संगीत और विभिन्न खेलों का आयोजन होगा।
केले के पत्ते पर लोगों को चावल, दाल, सांभर, रसम, कालान, ओलन, अवियल, थोरन, कूटुकरी, एलिशेरी, छाछ, आम व नींबू का अचार, अदरक की चटनी, केले के चिप्स, पापड़ और पल्लड़ा पायसम समेत 20 से अधिक पारंपरिक व्यंजन शामिल होंगे। केरल समाजम समिति के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य केरल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखना तथा समाज के लोगों के बीच आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करना है।
