May 26, 2026
BUSNIESS

मानगो नगर निगम क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने मंगलवार को टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में सुरक्षित मानगो अभियान के तहत विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने पर सहमति बनी। इससे अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों पर नाली निर्माण एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

ग्रीन मानगो अभियान के तहत पृथ्वी पार्क एवं नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण और वहां ओपन जिम निर्माण का कार्य टाटा स्टील के सहयोग से कराने पर सहमति बनी। वहीं डिमना चौक के आगे प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्माण में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया गया, जिससे छोटे दुकानदारों और फुटपाथ व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा तथा ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार होगा। बैठक में एमजीएम अस्पताल के समीप खाली भूमि पर पार्क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण करने, मानगो छोटा पुल के मरम्मत कार्य तथा एमजीएम चौक से गोकुल नगर एवं डिमना के तटीय क्षेत्रों में सेंट्रल बर्ज, सड़क एवं नाली निर्माण के साथ साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी टाटा स्टील द्वारा निभाने पर भी सहमति बनी।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से रोजगार उन्मुख कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से मानगो की महिलाओं को स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ा जाएगा। बैठक में कांग्रेस कार्यालय निर्माण में आ रही तकनीकी एवं अन्य बाधाओं को दूर करने पर भी चर्चा हुई। मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि टाटा स्टील का सहयोग मानगो को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नगर निगम लगातार विकास कार्य कर रहा है और कॉर्पोरेट सहयोग मिलने से इन योजनाओं को और गति मिलेगी। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस पहल को मानगो के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि सभी योजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी। इस अवसर पर टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन, वीपी कॉरपोरेट सर्विसेज डी.बी. सुंदर रमम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *