जेएसए फुटबॉल लीग के प्रीमियर डिवीजन मुकाबले में रविवार को टाटा मोटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रामीन फुटबॉल एकेडमी को 7-0 से करारी शिकस्त दी। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में टाटा मोटर्स ने दूसरे हाफ में पूरी तरह दबदबा कायम कर एकतरफा जीत दर्ज की।पहले हाफ में टाटा मोटर्स की ओर से संजय मुर्मू (जर्सी नंबर 06) ने 41वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में टाटा मोटर्स ने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन किया। रोहित तिग्गा (जर्सी नंबर 22) ने 48वें और 52वें मिनट में लगातार दो गोल किए। वहीं नाथो मुर्मू (जर्सी नंबर 11) ने 49वें, 53वें और 57वें मिनट में तीन गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की।
मैच के इंजरी टाइम में 90+2वें मिनट पर ठाकुर दास किस्कू (जर्सी नंबर 12) ने सातवां गोल कर टाटा मोटर्स की जीत 7-0 कर दी। ग्रामीन फुटबॉल एकेडमी की टीम पूरे मुकाबले में गोल के मौके बनाने के लिए संघर्ष करती रही और अंत तक टाटा मोटर्स की मजबूत रक्षापंक्ति को भेद नहीं सकी।
सुपर डिवीजन : जेआईसी ने न्यू बॉयज क्लब को 3-0 से हराया
जमशेदपुर। जेएसए फुटबॉल लीग के सुपर डिवीजन में जेम्सशेदपुर इम्पैक्ट क्लस्टर (जेआईसी) ने न्यू बॉयज क्लब को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जेआईसी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। विकास सोरेन (जर्सी नंबर 20) ने 13वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। इसके तीन मिनट बाद ही विकास ने 16वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर जेआईसी की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद राजा राम मार्डी (जर्सी नंबर 09) ने 18वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
इसके बाद न्यू बॉयज क्लब ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जेआईसी की मजबूत पकड़ के सामने उसे सफलता नहीं मिली। अंत तक जेआईसी ने 3-0 की बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
