April 1, 2026
image (5)

दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस काली मंदिर रोड स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स दुकान में मंगलवार को 4 बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर चार लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवरात लूट लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच हुई।

दो बाइक पर सवार चार युवक अचानक दुकान में घुसे। इनमें से दो ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दो मास्क लगाए हुए थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार दिखाकर लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने काउंटर का शीशा तोड़कर सोने व चांदी के जेवरात निकाले। उन्होंने लॉकर में रखे जेवरात और पांच हजार रुपये नकद भी लूट लिए। जब दुकानदार सुमन कुमार ने विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्तौल के बट से उनके सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया।
वे एक बाइक और एक स्कूटी पर सवार होकर आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर फरार हो गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें चार अपराधी हाथों में पिस्तौल लिए दुकान में प्रवेश करते और लूटपाट कर भागते हुए साफ दिख रहे हैं। दुकानदार सुमन कुमार ने बताया कि घटना के समय दुकान में दो महिला ग्राहक और स्टाफ रंजीत कुमार मौजूद थे। सूचना मिलते ही रूपसपुर और दानापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ ने कहा, थाना को सूचना मिलते ही तुरंत मौके वारदात पर पुलिस पहुंच छानबीन शुरू कर दी है। दुकान के मालिक को सिर पर चोटें आई है, उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

दुकान मालिक के आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जायेगी। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। टेक्निकल टीम का भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने बदमाशों द्वारा भागने के क्रम में फायरिंग करने की बात से साफ इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *