May 13, 2026
image

गोपालगंज एवं सारण पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर बड़ी संख्‍या में नाबालिग लड़क‍ियों को आर्केस्‍ट्रा से मुक्‍त कराया।
इसके साथ कई आर्केस्‍ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। वरीय अधिकारियों के आदेश के आलोक में यह अभ‍ियान चलाया गया। गोपालगंज में कुचायकोट थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर सोमवार की रात को एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर आर्केस्ट्रा संचालकों के विरुद्ध व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस ने 44 से अधिक नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। साथ ही पांच महिलाओं समेत 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसोसिएशन फाॅर वालंटरी एक्शन तथा नारायणी सेवा संस्थान के सहयोग से कुचायकोट पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया।
कुचायकोट, सासामुसा, भठवां मोड़, बलिवन सागर समेत करीब डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि दूसरे राज्यों से नाबालिग लड़कियों को लाकर आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों में अश्लील नृत्य कराया जा रहा है।
साथ ही लड़कियों के शोषण की भी आशंका जताई जा रही थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर पुलिस ने सघन कार्रवाई की।
बरामद की गई कुछ लड़कियां मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत अन्य राज्यों से वर्षों पहले लापता बताई जा रही हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लड़कियों को पश्चिम बंगाल के रास्ते लाकर आर्केस्ट्रा में डांस कराया जा रहा था। हालांकि इन सभी बिंदुओं पर पुलिस अभी विस्तृत जांच कर रही है। इन किशोरियों को बहला कर क्लासिक डांस के नाम पर बुलाने के बाद अश्लील गीतों पर डांस कराने का कार्य किया जाता है।
गिरफ्तार लोगों में आर्केस्ट्रा संचालक, मंच पर प्रदर्शन करने वाले कथित कलाकार तथा उनके सहयोगी शामिल बताए जा रहे हैं।
सारण में 19 नाबालिग लड़क‍ियों को कराया मुक्‍त
सारण जिले के कई आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कमजोर वर्ग एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश के आलोक में की गई।
उनके आदेश पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएचटीयू, महिला थाना और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
विशेष टीम में एएचटीयू प्रभारी विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह तथा रेस्क्यू फाउंडेशन, दिल्ली के अधिकारी शामिल थे।
टीम ने परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों की घेराबंदी कर सघन छापेमारी की।छापेमारी के दौरान जबरन नृत्य कराने के आरोप में 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *