बिहार के कैमूर जिले में दुर्गावती नदी से दो सूटकेस बंद दो सिर कटी लाशें मिलने से हड़कंप मच गया। मोहनियां-चौसा रोड पर पनसेरवां स्थित दुर्गावती नदी पुल के नीचे दो अलग-अलग सूटकेस में दो शवों के मिलने के बाद सनसनी फैल गई। दोनों शवों के धड़ को टुकड़ों में सूटकेस में पैक किया गया था। दोनों लाशों के सिर गायब पाए गए। फिलहाल पुलिस शवों की पहचान में जुटी है। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि दोनों की हत्या करने के बाद उनके शरीर के अंगों को काटकर सूटकेस में पैक कर पुल के नीचे फेंका गया है। इस सनसनीखेज और दिल दहला देने वाले मामले के सामने आते ही रविवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंचे। कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने भी यहां पहुंचकर जांच की। एसपी के निर्देश पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए संभावित साक्ष्य एकत्र किए। उधर, मोहनियां एवं रामगढ़ पुलिस ने टुकड़ों में कटे शवों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया है। घटना के बारे में बताया जाता है कि सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने पुल के पास संदिग्ध अवस्था में पड़े दो सूटकेसों को देखा। सूटकेस से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल इसकी सूचना रामगढ़ थाना की पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो शरीर के कटे अंगों को देखकर सन्न रह गई। सूटकेस में शव मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर बिखरे शव को अपने कब्जे में लिया और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव के टुकड़ों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। साथ ही मृतकों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई, ताकि किसी भी साक्ष्य से छेड़छाड़ ना हो।
एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक नमूने एकत्र किए। इस मामले को लेकर कैमूर पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि अपने जिले में ऐसी कोई घटना की खबर नहीं है। पड़ोसी जिलों की पुलिस को सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शवों की शिनाख्त में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सूटकेस को कब और किसने घटनास्थल पर रखा।
