धनरुआ थाना क्षेत्र के गुलरिया बिगहा में रविवार अल सुबह 20 वर्षीया विवाहिता की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि विवाहिता के पति ने पहले उसे बिजली का करंट लगाकर अधमरा कर दिया, इसके बाद तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग शव को कमरे में छोड़कर फरार हो गए। घटना के करीब पांच घंटे बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इधर घटना की सूचना मिलते ही विवाहिता के मायके वाले ससुराल पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ की। घर के सारे सामान को लाठी-डंडे से पीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। गनीमत रही कि सूचना पाकर धनरुआ पुलिस मौके पर पहुंच गई, अन्यथा आक्रोशित मायके वाले और भी उपद्रव मचाते。जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र स्थित नूरपुर धामापुर निवासी स्व. अजय यादव की पुत्री पूजा कुमारी की शादी पिछले वर्ष मार्च 2024 में गुलरिया बिगहा निवासी अरविंद यादव के पुत्र रविरंजन कुमार के साथ हुई थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार पूजा के परिजनों ने बाइक समेत नकदी और अन्य सामान उपहार में दिए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पूजा के ससुराल वाले बाइक और नकदी की मांग कर रहे थे।
पूजा के चाचा रामध्यान कुमार ने विवाहिता के पति रविरंजन कुमार, ससुर अरविंद कुमार, ननद प्रीती कुमारी और सास फूलमंती देवी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएम भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
