June 8, 2026
BIHAR

मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से रविवार को टेल्को ऑफिसर्स क्लब में सम्मान समारोह आयोजित कर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सिंह ने की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी।
एसोसिएशन के महासचिव एस. के. तोमर ने बताया कि गोवा में आयोजित तृतीय महिला राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसी उपलब्धि के सम्मान में एसोसिएशन द्वारा विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन खिलाड़ियों के विकास और प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पान मणि मंडी, एन. ललिता राव, गीता रानी हांसदा तथा दीपिका दास राय को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य आर. पी. पांडेय भी मौजूद रहे। उन्होंने सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
समारोह के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेलों के विकास और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *