ग्रेड रिवीजन कर्मचारियों की सैलरी और सुविधाओं में अच्छी बढ़ोत्तरी लेकर आएगा: आर सी झा टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी सदस्य आरसी झा ने कहा कि आज टाटा वर्कर्स यूनियन के सभी सदस्य बहुप्रतीक्षित ग्रेड रिवीजन का इंतजार कर रहे हैं। मेरी नजर में ग्रेड रिवीजन किसी भी यूनियन का सबसे महत्वपूर्ण कार्य होता है। हमारी यूनियन सामुहिक नेतृत्व से चलती है । ऐसे में सभी कमिटी मेम्बरों और कर्मचारियों की टकटकी यूनियन के पदाधिकारियों की ओर लगी है। लोगों की आशा है कि यह ग्रेड रिवीजन उनके सैलरी और सुविधाओं में अच्छी बढ़ोत्तरी लेकर आएगा साथ ही साथ उनकी नौकरी की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा।
यूनियन के पिछले चुनाव में बढिया ग्रेड रिवीजन सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बना था। चुनाव में सत्ता पक्ष की टीम के विरुद्ध मेरे साथ 6 उम्मीदवारों की एक विपक्षी टीम भी चुनाव में उतरी थी और मजदूरों ने वर्तमान 11 पदाधिकारियों पर भरोसा जताया और उन्हें जिताया। चुनाव के बाद सभी चुने गए पदाधिकारियों से मजदूरों की उम्मीद है कि वे उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरें और बढ़िया से बढ़िया ग्रेड रिवीजन करें। ताकि मजदूरों खास कर एन एस ग्रेड के कर्मचारियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया जा सके। मेरी यूनियन के सभी पदाधिकारियों से विनम्र आग्रह है कि वे मजदूरों को मिल रही सुविधाओं में कोई कटौती न होने दें क्योंकि पिछले ग्रेड समझौते में हुई कटौती से मजदूर डरे हुए हैं। बिना किसी कंडीशन के नए सुविधाओं को जोड़ें।
एम जी बी में ओ एस ग्रेड को कम से कम 20 प्रतिशत और एन एस ग्रेड को 50 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दिलाएँ । एन एस ग्रेड को भी प्रतिशत में डी ए दिलाएँ तथा उनका इंक्रीमेंट भी कमसे कम 3 प्रतिशत कराएँ। जिनका डी ए और इंक्रीमेंट पिछले ग्रेड समझौतों फ्रिज हो गया है उसे पुनः चालू कराएँ । कर्मचारी पुत्रों के लिए रोजगार की व्यवस्था कराने की कोशिश करें। सभी पदाधिकारियों से आग्रह है कि ग्रेड रिवीजन तक सभी तीन गुटों को मिलाकर एक हों और कर्मचारियों की उम्मीदों को पूरा करें।
