सिक्किम में विशेष गहन संशोधन प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का नया ड्राफ्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया गया है. इस बार मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अपग्रेडेशन अभियान के दौरान करीब 37,000 से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं. निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम उन लोगों के खिलाफ उठाया गया है जो या तो स्थाई रूप से राज्य से बाहर स्थानांतरित हो चुके हैं, या जिनकी मृत्यु हो चुकी है, अथवा जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे.
यह कार्रवाई भारतीय चुनाव आयोग द्वारा चलाए गए तीसरे चरण के व्यापक और विशेष गहन संशोधन का हिस्सा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन योग्य मतदाताओं के नाम इस प्रक्रिया के दौरान किन्हीं कारणों से छूट गए हैं या गलत तरीके से कट गए हैं, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ दावा या आपत्ति फॉर्म जमा कर सकते हैं. सभी आवेदनों और दावों की बारीकी से जांच करने के बाद प्रशासन द्वारा अंतिम और संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.
