May 15, 2026
image (3)

जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शास्त्री नगर स्थित गली नंबर दो के पास कुत्तों द्वारा शव घसीटे जाने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बच्ची के शरीर पर गंभीर जख्म मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर इलाके में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूरों ने चार कुत्तों को एक बच्ची के शव को घसीटते देखा। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ते शव को पास के वीरान इलाके में पानी भरे गड्ढे से बाहर खींचकर ला रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को लेकर डीएमसीएच पहुंची। डीएमसीएच में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बच्ची के गले और बाईं कनपटी के पास गहरे जख्म मिले हैं। शरीर पर कई जगह कुत्तों के काटने के निशान भी पाए गए हैं। प्रथमदृष्टया आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की पहले हत्या की गई और बाद में शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बाद में मृत बच्ची की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के जोरजा-चक्का निवासी भरत सहनी की 11 वर्षीय पुत्री अन्नू कुमारी के रूप में हुई।

बताया गया कि अन्नू अपनी मां अंबिका देवी के साथ बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एकमी घाट स्थित ननिहाल में रहकर छठी कक्षा में पढ़ाई कर रही थी।
स्वजन के अनुसार अन्नू तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता भरत सहनी दूसरे प्रदेश में मजदूरी का काम करते हैं।
बहादुरपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बच्ची की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *