एलबीएसएम कॉलेज के वाणिज्य विभाग की ओर से बुधवार को एक दिवसीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन स्वयंसेवी संस्था एडूसंस्कृति फाउंडेशन एवं चाणक्य करियर अकादमी, साकची के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने कहा कि अवसरों की कोई कमी नहीं है, जरूरत अपनी योग्यता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर सुनियोजित कार्ययोजना बनाने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, पुस्तकालय के उपयोग तथा सामूहिक तैयारी पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यशाला में करियर काउंसलर रवि प्रकाश शर्मा एवं जयंत कुमार मिश्रा ने स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यूपीएससी सिविल सर्विसेज, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा, बैंकिंग, एसएससी, रेलवे एवं अन्य सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।
जयंत कुमार मिश्रा ने कहा कि सफलता के लिए लगन और निरंतर परिश्रम जरूरी है तथा जमशेदपुर में भी बेहतर मार्गदर्शन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं रवि प्रकाश शर्मा ने बैंकिंग, एसएससी, रेलवे एवं जेटेट जैसी परीक्षाओं में सफलता के लिए रणनीति बताई।
कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रकाश ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र देकर किया गया। इस अवसर पर चाणक्य करियर अकादमी के निदेशक सुजीत कुमार झा ने विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित फॉर्म एवं पुस्तकें वितरित कीं।
कार्यक्रम में डॉ. संतोष कुमार, डॉ. प्रशांत, प्रो. प्रमिला किस्कु, प्रो. अरविंद पंडित, डॉ. दीपांजय श्रीवास्तव एवं प्रो. विनोद कुमार समेत कई शिक्षक उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रानी ने किया।
कार्यशाला में 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। साथ ही आगामी 25 जून 2026 को साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित पुस्तक मेले में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।
