October 3, 2026
image (2)

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज प्रखंड में शुक्रवार देर शाम नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। माधोपुर हजारी पंचायत के वार्ड नंबर छह में लोगों को लेकर जा रही नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पर सवार लोग पानी में डूबने लगे, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक अभी लापता है। सभी बचाए गए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इसी वजह से नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू किए गए लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लापता युवक की पहचान लालबाबू राय के 22 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। वह इसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद उसकी तलाश लगातार की जा रही है।
स्थानीय मुखिया बैद्यनाथ राय ने बताया कि देर शाम गांव में नाव पलटने से हादसा हुआ। उनके मुताबिक नाव पर 11 लोग सवार थे और सभी अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान नाव पलट गई और सभी लोग पानी में डूबने लगे। ग्रामीणों की मदद से 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि राजू कुमार का अभी पता नहीं चला है।
मुखिया ने बताया कि लापता युवक गांव का ही रहने वाला है। घायल लोगों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
साहेबगंज थानेदार सुनील कुमार ने बताया कि नाव पलटने के कारण हादसा हुआ है। उनके अनुसार नाव पर 11 लोग सवार थे। इनमें से 10 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक युवक लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। बचाए गए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नाव पर ज्यादा लोगों के बैठने के कारण उसका संतुलन बिगड़ने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे की पूरी वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल लापता युवक की तलाश के लिए स्थानीय स्तर पर खोजबीन जारी है और प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *