अगर आप भी आने वाले दिनों में इंडिगो की फ्लाइट से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो आपको बच्चों के टिकट से लेकर सामान के वजन तक के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने के लिए तैयार रहना चाहिए। कंपनी ने अपनी अतिरिक्त सेवाओं की दरों में बड़ा फेरबदल किया है, जिसके तहत इन्फेंट टिकट की कीमत 2,000 रुपये से बढ़कर सीधी 3,000 रुपये हो गई है और अकेले सफर करने वाले बच्चों का शुल्क भी 5,000 रुपये से बढ़ाकर 5,999 रुपये कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, केवल इन्फेंट फीस बढ़ने से देश के करीब 10 लाख छोटे यात्रियों के परिवार प्रभावित होंगे और एयरलाइन को लगभग 90 करोड़ रुपये का फायदा होने की उम्मीद है। साथ ही, अतिरिक्त सामान ले जाने पर अब 700 की जगह 800 रुपये प्रति किलो शुल्क देना होगा, प्रायोरिटी बोर्डिंग का खर्च 450 से बढ़कर 650 रुपये और ट्रैवल सर्टिफिकेट का चार्ज 300 रुपये तक पहुंच गया है। इन बढ़ी हुई दरों को एयरलाइन ने अलग-अलग चरणों में लागू किया है, जिनमें लगेज का बढ़ा हुआ शुल्क 1 अगस्त से और इन्फेंट से जुड़े बदलाव सितंबर की शुरुआत से लागू हो चुके हैं। एयरलाइंस का कहना है कि लगातार बढ़ते खर्चों और ऑपरेटिंग कॉस्ट को मैनेज करने के लिए इस तरह की नियमित टैरिफ समीक्षा जरूरी होती है।
