April 3, 2026
image (1)

पटना के लोदीपुर अग्निशमन क्षेत्र स्थित राजापुर पुल गेट नंबर-31 के पास गुरुवार अहले सुबह करीब 3 बजे एक मेडिकल दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान बंद थी, लेकिन अंदर से उठती तेज लपटें देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इस बीच लोगों ने खुद भी पाइप और बर्तनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन की 3-4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 30 से 40 मिनट में आग पर काबू पाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि, ‘समय रहते दमकल की टीम पहुंच गई, वरना आग आसपास के घरों तक फैल सकती थी।’ इस हादसे में दुकान के अंदर रखी सभी दवाएं, काउंटर, कुर्सी समेत अन्य सामान जलकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान के मालिक फिलहाल नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *