April 24, 2026
WhatsApp Image 2026-04-24 at 8.43.04 AM

पटना के बायपास थाना क्षेत्र में घर से दूध लेकर निकली बच्ची की हत्या कर शव को कंबल में लपेटकर फेंक दिया गया। लापता होने के 24 घंटे बाद उसका शव घर से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर पाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिहार की राजधानी पटना में एक 10 साल की बच्ची की हत्या से सनसनी फैल गई। बच्ची बुधवार सुबह से लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। लापता होने के 24 घंटे बाद गुरुवार सुबह बच्ची का शव बायपास थाना क्षेत्र में मिला। शरीर और सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। साथ ही शव कंबल में लपेटा हुआ बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को यहां फेंक दिया।

सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्ची की पहचान 10 वर्षीय निशा कुमारी के रूप में हुई है। वह बायपास थाना क्षेत्र के बेगमपुर जल्ला हनुमान मंदिर के बगल वाली गली में परिवार के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि बच्ची बुधवार 22 अप्रैल को सुबह अपने घर से दूध लेकर आसपास के लोगों को देने के लिए निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। बच्ची के लापता होने के बाद परिजन ने उसकी तलाश की। कहीं भी उसका सुराग नहीं मिलने पर रात में परिजन ने पुलिस थाने में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। फिर अगले दिन सुबह उसका शव घर से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर मिलने से सनसनी फैल गई।
पटना सिटी के एसडीपीओ-2 गौरव कुमार ने बताया कि बुधवार रात को बच्ची के लापता होने की शिकायत परिजन ने पुलिस को दी थी। इसके बाद तलाशी अभियान चला गया। फिर गुरुवार सुबह बायपास थाना पुलिस को एक बच्ची का शव पतली गली के अंदर पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। शव कंबल के अंदर लपेटा हुआ मिला।

इसके बाद एफएसएल टीम को फॉरेंसिक जांच के लिए बुलाया गया। डॉग स्क्वॉयड की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शरीर के ऊपर जख्म के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह पता चल पाएगी, कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच चल रही है। पुलिस टीम हर एंगल से मामले की छानबीन में जुटी हुई है। एफएसएल टीम और पूछताछ एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जो भी सबूत मिलेंगे, उनके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। बच्ची की हत्या किसने और क्यों की है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *