एलबीएसएम कॉलेज में मंगलवार को क्वैश कॉर्प लिमिटेड और कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेगा रोजगार मेले में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। रोजगार मेले में लगभग 1150 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 648 युवाओं ने अपना बायोडाटा जमा किया। प्रारंभिक चयन प्रक्रिया में कुल 265 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों में 60 युवाओं का टाटा मोटर्स, सानंद (गुजरात), 140 का टाटा मोटर्स, जमशेदपुर प्लांट में अप्रेंटिस ट्रेनी, 25 का धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) तथा 40 का एमआरएफ लिमिटेड, दहेज (गुजरात) के लिए चयन हुआ। अंतिम चयन साक्षात्कार एवं मेडिकल जांच के बाद जारी किया जाएगा।
यह प्लेसमेंट भारत सरकार की क्वैश योजना की उप-योजना ‘कौशल्या’ के तहत आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत जमशेदपुर से बाहर चयनित अभ्यर्थियों को 19 से 21 हजार रुपये तक मासिक स्टाइपेंड, आवास, भोजन, बीमा, मेडिकल सुविधा तथा औद्योगिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जमशेदपुर प्लांट में चयनित प्रशिक्षुओं को 17,149 रुपये स्टाइपेंड के साथ भोजन, परिवहन, बीमा एवं मेडिकल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय की कुलपति अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि उनके सहयोग से प्रतिष्ठित कंपनियां कॉलेज पहुंचीं और 265 छात्रों को रोजगार का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कॉलेज का प्रयास है कि यहां का कोई भी छात्र रोजगार के लिए भटके नहीं, इसलिए समय-समय पर प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना उन छात्रों के लिए है जो कौशल विकास कर शीघ्र रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं। बाहर चयनित होने वाले अभ्यर्थियों का संबंधित कंपनियां झारखंड सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण भी कराएंगी।
रोजगार मेले का आयोजन क्वैश के एचआर हेड सुमित दत्ता (टाटा मोटर्स) के निर्देशन में किया गया, जिसमें ई-डिजिटल इंडिया ने भी सहयोग किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने सुमित दत्ता को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. विजय प्रकाश, सह-समन्वयक डॉ. अजेय वर्मा सहित कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
