August 29, 2026
image

रक्षाबंधन के दिन शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड पर सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना शास्त्रीनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम को भी मौके पर बुलाया। सीनियर साइंटिस्ट अनिल कुमार के नेतृत्व में FSL की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। टीम ने मौके से ब्लड सैंपल समेत अन्य नमूने एकत्र किए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया व्यक्ति की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, शव पर फिलहाल किसी तरह के चोट या मारपीट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक वहां कब और किस परिस्थिति में पहुंचा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही मौत की सही वजह साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *