भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भगवान बलराम की रथ यात्रा के अवसर पर भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से मानगो चौक स्थित शालिग्राम स्वीट्स के सामने निःशुल्क सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच 100 पेटी शीतल पेयजल का वितरण किया गया।
इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग चंद्रवंशी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। संगठन ने अभियान के तहत 50 हजार से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिला अध्यक्ष एस.एन. पाल ने बताया कि संगठन देश के 19 राज्यों में सक्रिय है और 80 हजार से अधिक कार्यकर्ता जुड़े हैं, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 65 से अधिक सदस्य विभिन्न सामाजिक कार्यों में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, मानवाधिकार जागरूकता, नशा मुक्ति, शिक्षा जागरूकता, प्लास्टिक मुक्त भारत तथा “जल ही जीवन है” जैसे अभियानों का नियमित संचालन करता है। अब तक 10 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। साथ ही जमशेदपुर ब्लड बैंक, एमजीएम अस्पताल, ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से रक्तदान शिविरों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है।
एस.एन. पाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल मानवाधिकारों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हुए सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना भी है।
