बिहार के दरभंगा के चन्दनपट्टी चौक के पास यामहा मोटरसाइकिल शोरूम के मैनेजर की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बिहार पुलिस ने बताया कि आरोपी सोनू कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से लूटी गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई है।
12 जून को अंजाम दी गई थी खौफनाक वारदात
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार (12 जून 2026) को चंदनपट्टी चौक के पास यामाहा मोटरसाइकिल एजेंसी के मैनेजर फैज अहमद की रॉड से मारकर दो अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। दिन दहाड़े इस घटना से लोग सकते में आ गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। इस संबंध में एफएसएल की टीम के द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।
सीसीटीवी फुटेज से हो गई अपराधी की पहचान
बिहार पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जिसमें अनुसंधान के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान सोनू कुमार पासवान के रूप में की गई। पुलिस ने तत्काल छापेमारी करते हुए आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।
