September 8, 2026
images

पश्चिम बंगाल में मानसून के बीच डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस साल डेंगू संक्रमितों की संख्या साढ़े चार हजार के पार पहुंच गई है। संक्रमण के मामले में कोलकाता राज्य में दूसरे स्थान पर है, जबकि जिलों में मुर्शिदाबाद सबसे आगे है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल तक राज्य में डेंगू के 770 मामले सामने आए थे। 31 जुलाई तक यह संख्या बढ़कर एक हज़ार 946 हो गई और 31 अगस्त तक संक्रमितों की संख्या तीन हज़ार 966 पहुंच गई। इसके बाद भी संक्रमण का सिलसिला जारी है।
दो सितंबर तक मुर्शिदाबाद में डेंगू के 870 मामले दर्ज किए गए। पिछले सात दिनों में ही यहां 96 नए मरीज मिले हैं। नदिया जिले के नोवादा प्रखंड में भी डेंगू की रोकथाम के लिए घर-घर छिड़काव और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है लेकिन संक्रमण में कमी नहीं दर्ज की जा रही है।
वहीं, कोलकाता में दो सितंबर तक 402 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके थे। पिछले सात दिनों में शहर में 62 नए मामले सामने आए। उत्तर 24 परगना में 346, मालदा में 331, दक्षिण 24 परगना में 324, नदिया में 316, हुगली में 293 और हावड़ा में 276 मामले दर्ज किए गए हैं। पूर्व बर्धमान में 233 और पश्चिम बर्धमान में 140 संक्रमित मिले हैं।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज करने की तैयारी की है। स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कहा कि सात सितंबर से अभियान शुरू किया जाएगा और इसकी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। उन्होंने स्कूलों से बच्चों को पूरी बांह की शर्ट पहनकर आने के लिए कहने की बात भी कही है।
मानसून के दौरान डेंगू के बढ़ते मामलों ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, नियमित रूप से छिड़काव करने और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *