पूर्वी सिंहभूम जिले में जन्मजात हृदय रोग से पीडि़त बच्चों के लिए एक और राहत भरी खबर सामने आयी. मुसाबनी प्रखंड के एक मासूम बच्चे का जटिल हृदय ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया. ऑपरेशन के बाद बच्चा तीन दिनों तक वेंटिलेटर पर रहा, लेकिन डॉक्टरों की सतत निगरानी व बेहतर चिकित्सा प्रबंधन से अब बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। जिला के मुसाबनी निवासी धनंजय कर्मकार के पांच वर्षीय पुत्र भारत कर्मकार जो दिल में छेद से पीडि़त था, का श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर, खारघर (मुंबई) में नि.शुल्क सफल हृदय ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के पश्चात बच्चा स्वस्थ होकर सकुशल अपने घर लौट आया है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डा. साहिर पाल ने कहा कि सरकार के सहयोग से श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर, खारघर (मुंबई) में बच्चों के जन्मजात व क्रॉनिक हृदय रोग के इलाज के लिए नि:शुल्क आने-जाने, ऑपरेशन व संपूर्ण उपचार की व्यवस्था उपलब्ध करायी जाती है। भारत कर्मकार की स्क्रीनिंग 4 दिसम्बर, 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मुसाबनी में आरबीएसके चिकित्सक डा. ज्योति कुमारी ने की थी. इसके बाद डीईआईसी, सदर अस्पताल के डा. कमलेश कुमार प्रसाद, डा. राज नारायण तिवारी व उनकी टीम ने सिविल सर्जन डा. साहिर पाल के निर्देशानुसार 18 दिसम्बर, 2025 को बच्चा को खारघर, मुंबई भेजा गया, जहां 31 दिसम्बर, 2025 को उसका सफल हृदय ऑपरेशन किया गया।
मंगलवार को बच्चा की सकुशल घर वापसी हुई। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. साहिर पाल, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. कमलेश कुमार प्रसाद, शिशु रोग विशेषज्ञ डा. राज नारायण तिवारी, घाटशिला एसडीएच के डा. शंकर टुडू आदि ने बच्चा का स्वागत किया।
