July 6, 2026
image

पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना में एक युवक को गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के दौरान छत से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हथियार बरामद कर एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। पटना में आपराधिक घटनाएं कम नहीं हो पा रही हैं। रविवार शाम राजीव नगर इलाके में गोलीबारी हुई। इसमें एक युवक को गोली लगी, जबकि दूसरा युवक भागने के दौरान छत से गिर गया। इस कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छत से गिरे युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोली लगे युवक का इलाज चल रहा है। घटना राजीव नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 8बी की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया है। राजीव नगर थाना पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। घटना में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। आरोपी पक्ष से पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण निवासी प्रियेश रंजन के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान राजू के रूप में हुई है।
पटना एसएसपी कार्यालय की ओर से बताया गया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *