August 24, 2026
BIHAR

द कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन की इकाई यूनाइटेड क्लब का चुनाव रविवार, 23 अगस्त 2026 को संपन्न हुआ। चुनाव में राकेश्वर पांडेय को पुनः यूनियन के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। वहीं बीके डिंडा को कार्यकारी अध्यक्ष और ददन सिंह को महासचिव चुना गया।
चुनाव पदाधिकारी अंजनी कुमार, सहायक चुनाव पदाधिकारी संजय कुमार सिंह तथा पर्यवेक्षक सुब्रत देव की देखरेख में सीक्रेट बैलेट पेपर के माध्यम से कमेटी मेंबरों का चुनाव कराया गया। इसमें दिनेश कुमार पांडेय, राजू सोना, सुभाष जेना और माधव हरपाल ने जीत हासिल की।
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय का भव्य स्वागत किया। कर्मचारियों ने उनसे जॉब पर जॉब, कर्मचारी वार्ड की बहाली, वरिष्ठ कर्मचारियों के प्रमोशन, क्वार्टर के मेंटेनेंस चार्ज तथा इस वर्ष बेहतर बोनस समेत विभिन्न लंबित मुद्दों को प्रबंधन के साथ वार्ता कर समाधान कराने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यूनाइटेड क्लब शहर के प्रतिष्ठित क्लबों में शामिल है। क्लब का प्रबंधन टाटा स्टील के वरीय पदाधिकारियों की देखरेख में होता है। उन्होंने कहा कि क्लब की प्रगति के साथ कर्मचारियों का विकास और सदस्यों को बेहतर से बेहतर सेवा उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों से क्लब को और बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की, ताकि इससे कर्मचारियों के जीवन स्तर में भी सुधार हो सके।
अंत में कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए अध्यक्ष, चुनाव पदाधिकारियों और प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही सभा का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *