March 31, 2026
image (1)

अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ चौक के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार को रालोजपा (राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी) नेता एवं प्रापर्टी डीलर प्रभाकर सिंह (45) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी।
बाइक से घर लौट रहे प्रभाकर को बदमाशों ने चार गोलियां मारीं। सिर में गोली लगते ही वह बाइक से मुंह के बल गिर गए। लोगों ने उन्हें बैरिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए। पुलिस के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची अहियापुर पुलिस से आक्रोशित लोगों की नोकझोंक भी हुई।
अनियंत्रिति स्थिति की सूचना पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा, सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद लोग शांत हुए। करीब दो घंटे तक यहां जाम लगा रहा। मूल रूप से गायघाट बेरुआ निवासी प्रभाकर सिंह परिवार समेत बड़ा जगन्नाथ चाणक्यपुरी मोहल्ले में रहते थे। वह रालोजपा के गायघाट प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष थे। किसी काम से जीरोमाइल चौक पर गए थे।
दोपहर करीब पौने एक बजे बाइक से चाणक्यपुरी स्थित घर लौट रहे थे। घर की गली के टर्निंग प्वांट पर पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चलती बाइक पर बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में गोलियां बरसाईं। चार गोलियां प्रभाकर को लगीं।
एक गोली सिर में व तीन गोली कमर के पास लगी हैं। घटना को अंजाम देकर दोनों बदमाश तेज रफ्तार में बखरी की ओर भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े। थानाध्यक्ष को सरकारी मोबाइल पर काल किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद स्थानीय लोग रालोजपा नेता को गाड़ी पर रख बैरिया स्थित निजी अस्पताल ले जाने लगे। तब पुलिस वहां पहुंची। बैरिया के निजी अस्पताल में पहुंचने के साथ ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग शव को एबुलेंस से लेकर घटनास्थल पहुंचे। लोगों ने बीचोंं बीच एंबुलेंस लगाकर सड़क को जाम कर दिया। इसके बाद आसपास के काफी संख्या में लोग वहां पहुंचे।
दिनदहाड़े हत्या को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए नारेबाजी करने लगे। एसएसपी ने बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वास देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इसके बाद लोग शांत हुए। तब शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया।
घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए एसएसपी ने विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस के साथ एफएसएल की टीम ने साक्ष्य संकलन किया। पुलिस ने आसपास में लगे सीसी कैमरे को खंगाला। फुटेज में एक बदमाश को देखा गया है। साथ ही प्रापर्टी डीलर के मोबाइल का डिटेल व सीडीआर खंगाला जा रहा है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर सिटी एसपी व एसडीपीओ नगर टू के नेतृत्व में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गरहां, बखरी, बोचहां व गायघाट समेत आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *