April 21, 2026
train

होली पर्व के बाद विभिन्न शहरों में काम पर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दानापुर रेल मंडल ने विशेष तैयारी की है। सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पटना और दानापुर स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है। रेल प्रशासन के अनुसार, गुरुवार को दानापुर मंडल से नियमित ट्रेनों के अलावा नौ फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया। इन ट्रेनों के माध्यम से हजारों यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे। पटना से राजगीर, पुरी और नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जबकि दानापुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस, पुणे, एसएमबीटी बेंगलुरु और चर्लपल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए पटना और राजगीर के बीच भी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। रेलवे ने होली के बाद होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशनों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के बीच समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। कुछ प्रमुख स्टेशनों पर डाग
स्क्वायड भी तैनात किए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्टेशनों और दानापुर मंडल के कंट्रोल रूम में वार रूम बनाकर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही ट्रेन के आवागमन की जानकारी देने के लिए स्टेशनों पर
लगातार उद्घोषणा की जा रही है। भीड़‌भाड़ वाले स्टेशनों पर टीटीई, आरपीएफ और अधिकारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। संपूर्ण क्रांति जैसी प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की कतारबद्ध बोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ लगाए गए हैं। वहीं, टिकट के लिए लंबी कतारों से बचाने के
लिए मोबाइल यूटीएस मशीन का भी उपयोग किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने बताया कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों की जानकारी दी जा रही है। दानापुर मंडल ने यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *