‘मिर्जापुर’ के फैंस के लिए इंतजार खत्म हो गया है। प्राइम वीडियो की पॉपुलर सीरीज पर आधारित ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की इस फिल्म को गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है और पुनीत कृष्णा ने इसे लिखा है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में सीरीज के चर्चित किरदारों की वापसी हुई है। अली फजल एक बार फिर गुड्डू पंडित के किरदार में हैं, पंकज त्रिपाठी कालीन भैया के रोल में नजर आ रहे हैं और दिब्येंदु मुन्ना भैया के किरदार को आगे बढ़ा रहे हैं। फिल्म में पुराने किरदारों के साथ कहानी में नए ट्विस्ट जोड़े गए हैं, जो इसे सीरीज से अलग अनुभव देते हैं।
कहानी की शुरुआत 2018 से होती है। पहले ही सीन से पंकज त्रिपाठी का किरदार शह और मात के खेल में सक्रिय नजर आता है। अली फजल और जितेंद्र कुमार की जोड़ी भी फिल्म में अच्छी लगती है। हालांकि किरदार दर्शकों के लिए पहले से जाने-पहचाने हैं, लेकिन नए घटनाक्रम कहानी में उत्सुकता बनाए रखते हैं।
इस बार कहानी में रवि किशन का बब्बन वाला किरदार खास तौर पर अहम है। बब्बन अपराध की दुनिया का बड़ा खिलाड़ी है और उसकी नजर मिर्जापुर की गद्दी पर है। सीरीज में जहां गद्दी को लेकर संघर्ष मुख्य रूप से अंदरूनी था, वहीं फिल्म में बब्बन के आने से मुकाबला और बड़ा हो जाता है। मिर्जापुर की गद्दी के लिए अब एक नया खिलाड़ी मैदान में है।
मुन्ना भैया का किरदार फिल्म के शुरुआती एक घंटे में उतना प्रभावशाली नहीं लगता, लेकिन इसके बाद उनका भौकाल देखने को मिलता है। अली फजल ने गुड्डू पंडित के किरदार में बेहतरीन अभिनय किया है। पंकज त्रिपाठी भी कालीन भैया के रूप में हमेशा की तरह दमदार नजर आते हैं। फिल्म के दूसरे कलाकार भी अपने किरदारों के साथ न्याय करते हैं।
दूसरे हाफ में कहानी काफी हद तक बब्बन और कालीन भैया के आसपास घूमती है। अली फजल की परफॉर्मेंस फिल्म की बड़ी खासियतों में से एक है और इस बार वह सीरीज के मुकाबले और बेहतर नजर आते हैं। जितेंद्र कुमार भी अपने किरदार में फिट बैठते हैं। कुल मिलाकर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पुराने चेहरों के साथ नई कहानी और ट्विस्ट का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे देखने लायक बनाता है।
